Sunday, December 29, 2013

प्रपंच

कल रात बेहद मानसिक खीझ के पलों में यह फैसला किया था कि यह फेसबुक डिलीट (डिएक्टिवेट नही) करना है रात कई दफा प्रयास किया लेकिन जुकरबर्ग साहब के कारिन्दें बार-बार टेक्निकल एरर दिखा रहे थक कर रात 11 बजे सो गया सुबह उठा इसी संकल्प के साथ कि उठते ही डिलीट कर दूंगा लेकिन सुबह भी वही दिक्कत आयी फेसबुक डिएक्टिवेट करने का ऑप्शन दे रहा है डिलीट के नाम पर ना नुकर कर रहा.... फिर सोचा जब अस्तित्व नही चाह रहा है तो बलात अपनी मानसिक कमजोरी को तकनीकी पर थोपना उचित नही है इसलिए न डिएक्टिवेट किया ( और अकाउंट डिलीट तो हो ही नही रहा था )
फेसबुक पर रहना और ठीक ठाक लोकप्रियता के साथ रहना लेकिन अचानक ही यहाँ से उच्चाटन हो जाना मेरे लिए नई बात नही है ऐसा कई बार हुआ है लेकिन बात अकाउंट डिएक्टिवेट पर जाकर थम जाती थी कल मै अकाउंट डिलीट करने का फैसला कर चुका था...यह प्रथम दृष्टया मानसिक अस्थिरता का प्रमाण लगता है लेकिन आध्यात्मिक अर्थो में यह उस शाश्वत भटकन का प्रभाव है जो एक स्थान,मनुष्य या तकनीकि अधिक समय तक आसक्ति या रस नही बने रहने देना चाहती है यह सपनों की उस मृगमरीचिका के जैसी है जिसका पीछा करना बाध्यता लगती है लेकिन वो है भी या नही इस पर भी सवाल हमेशा बना ही रहता है।
जीवन में स्थाई कुछ भी नही है यह शाश्वत बात है लेकिन कई बार यात्रा पर चलते-चलते लगता है शिखर से शून्य और शून्य से शिखर तक निरंतर यात्रा ही अपने अस्तित्व के सवालों का खुद जवाब दे सकती है यह निजि चयन का मामला है जहाँ आप लोक मे रहकर भी लोक से मुक्त रहना चाहते है और जब आपको लगता है कि आप किसी खास स्थान वस्तु या मनुष्य पर अटक गए है तभी इनरकॉल कहती है निकल लो यहाँ सें....लेकिन निकलने के क्रम और प्रयास में वृत्त की भांति गोल-गोल घूम कर वही आ जाते है जहाँ से कभी चले थे..।
बहरहाल, जिन-जिन फेसबुकिया मित्रों को मैने अकाउंट डिलीट करने जा रहा हूँ कि सूचना देकर उनका मानसिक दोहन किया उन सभी से क्षमा प्रार्थी हूँ अपनी पूरी काहिली और जाहिली के साथ मै यही पर हूँ....लेकिन कब तक यह मुझे भी नही पता है।

Wednesday, December 25, 2013

कोरस

एक तरफ हर पांच-सात मिनट फेसबुकिया पिंग (कमेंट्स और चैटिंग की) की गुडक-गुडक की आवाजें वही दूसरी तरफ दूसरे कमरे से कलर्स/स्टारप्लस की सास-बहुओं के सीरियल के कोरस की आं...आं...आं की नैपथ्य ध्वनि जो पत्नि के नेत्रों को सजल करने वाली आवाजें है इधर मै कभी चुप्पी में जीता हूँ तो कभी कभी किसी बात पर मुस्कुरा भी पडता हूँ हमारे इन दो कमरों के ध्वनिलोक में समानांतर दो दुनिया लम्बे समय से बसी हुई है। पत्नि जब कभी रसोई में होती है तो स्त्री दारुण कथा के धारावाहिकों की आवाज कार्टून में तब्दील हो जाती है फर्क बस इतना होता है कि मेरे कमरे की कमोबेश वही आवाजें होती है और पास के कमरे सें ओगी,डोरेमोन,भीम आदि की आवाजें आने लगती है इस तरह से घर के अन्दर चारदीवारी और सामानों के बीच तीन अलग अलग दुनियाओं का अस्तित्व है उनका अपना-अपना कोरस है और यह सब इतना सहज है कि कभी एक दूसरे को प्रभावित भी नही करता है इसमे बच्चों के लिए मनोरंजन प्रधान है पत्नि के लिए अपने अस्तित्व को तलाशना प्रमुख है और मेरे लिए लोक पर खुद बलात आरोपित करने की सारी कवायद चलती है जहाँ कभी मै कभी पसर्नल स्टेट्स लिखता हूँ तो कभी 'कवि' बन अपनी रचित कविताओं के जरिए अपने आसपास के संवेदनशील लोगो को यह बताना और जताना चाहता हूँ कि मै अन्दर से कितना द्रवित महसूस करता हूँ। कुल मिलाकर शब्दो के भ्रम और शब्दों के ब्रहम होने के मध्य हमारी ध्वनियां सूक्ष्म रुप से बसी हुई है जिससे हमे अपने अपने अर्थो में ऊर्जा मिलती है।
सांसारिक वजह जब आपको बांधने मे असमर्थ होती है तब हम अपनी एक समानांतर दुनिया रचते है जिसमें हम खुद को लगभग नायक सिद्ध करते हुए अपने संघर्ष को और तरल बनाने की कवायद भी करते है ऐसा ही नही है कि हर बार बात संघर्ष से शुरु होकर संघर्ष पर ही समाप्त होती हो कई बार हम खुद को एक युक्तियुक्त सांत्वना देने के लिए भी यह सब प्रपंच करते है फिर ध्वनियों के सन्दर्भ सें चाहे मेरे फेसबुक की पिंग की आवाज हो या फिर पत्नि के सीरियलस के कोरस का दुखद प्रलाप दोनो एक दूसरे को एक समकोण काटते हुए साथ चलते नजर आते है। बात बेहद आम है और कोई महत्व या मूल्य की नही लेकिन दो कमरों में जीती-मरती दो जिन्दगीयाँ कैसा अपने आप को बाह्य दुनिया से जोड लेती है यह निसन्देह रोचक है।

Thursday, December 19, 2013

सदी की सलाह



मदिरासेवनोपरांत सोशल मीडिया,फोन या अन्य संचार तंत्र पर बने रहना किसी भी प्रकार से विवेकपूर्ण और मित्रोहितकारी नही है। उक्त मनोदशा में मन पर पडी संकोच की चादर हट जाती है और मनुष्य भावनातिरेक अवस्था में भावुक किस्म की बातें करने लगता है ये बातें दिन भर दृढता से बंधे  मनुष्य के उस कमजोर पक्ष की तरफ भी ले जा सकती है जो सर्वथा अपवंचना का शिकार रहा होता है या फिर ऐसी अवस्था में वो हर एक बात आहत कर सकती है जिसको अमूमन रोजाना आप नोटिस न करते हुए लगभग नजरअन्दाज़ कर देते है। कुल मिला कर इस पेय के सेवन के बाद आपको खुद के करीब रहना चाहिए न कि लोक में अपने दमित अभिलाषाओं या शिकायतों को अभिव्यक्त या आरोपित करने में लग जाओं इससे आपकी बातों को गंभीरता से सुनने की प्रवृत्ति तो घटती ही है साथ ही सुबह जब आप अपने कहे लिखे ब्रहम वाक्यों के प्रमाण ( यथा एसएमएस, चैट बॉक्स) देखते है तो एक खास किस्म की ग्लानि और अपराधबोध का हैंगओवर जरुर होता है कि ये मैने क्या कह दिया और क्यों कह दिया....बातें  भी कम से कम एक दिन तो पीछा जरुर करती है फिर आप  दिन भर मूंह छिपाते रहे या फिर अपना माफीनामा तामील करायें नही...नही मेरा कहने का ऐसा मतलब नही था  हो सकता है उन्माद की अवस्था में कुछ ज्यादा लिख-बोल दिया हो आदि-आदि। ऐसी मनोदशा में मै किसी भी प्रकार का स्टेट्स/कमेंट/चैट/एसएमएस/कॉल से मुक्त रहकर अपने अस्तित्व को महसूस करने  और उसके उत्सव में खो जाने को सबसे अधिक उपयोगी समझता हूँ इसलिए जब कभी भी ऐसा अवसर फोन/इंटरनेट/टीवी आदि सब बंद करके मद्धम रोशनी में सूफी संगीत या गजल का लुत्फ लें,नाचें,गाएं,रोएं  तो सबसे बेहतर है ये सब भी न हो तो अपने साकी और रहबरों से गुफ्तगू भी की जा सकती है कुछ अपनी कहना कुछ उनकी सुनना इन संचार-सूचना के तंत्रों पर अटके रहने से कई गुना बेहतर अनुभव होगा कम से कम रात गई बात गई जैसा हाल तो रहेना न कि अगले दिन आप खुद के दिव्य रुप के प्रमाण देखकर कभी असहज तो कभी अचरज़ महसूस करते रहें। इति सिद्धम।

Monday, December 9, 2013

दोस्तों का सर्वे

दोस्तों से मुद्रा उधार मांगने के लिए कितनी लम्बी चौडी उधेडबुन और मानसिक भूमिका से गुजरना पडता है अब आप कहेंगे कि नही दोस्तो से कैसा संकोच नही भाई मै इससे सहमत नही हूँ दोस्त चाहे लंगोटिया किस्म का हो या फिर दूनियादारी दोनो से ही पैसा उधार मांगने के लिए उधार का साहस जुटाना पडता है और जब आप किसी से अपनी जरुरत कहे और सामने वाला जिज्ञासावश पूछ ही बैठे कि कहाँ जरुरत पड गई भाई ऐसे में अपनी जरुरत की उपयोगिता सिद्ध करने के लिए तमाम शब्द सामर्थ्य का प्रयोग करना पडता है ये तो अच्छी बात है कि ऐन वक्त पर दोस्त मदद भी कर देते है वरना आप अपनी कहानी कहे और सामने वाला हाथ खडा कर दे ऐसे मे फोन काटना कितना भारी हो जाता है ब्याँ नही किया जा सकता है। आदर्श स्थिति वही है कि आपका अपनी ही आमदनी से काम चलता रहा है कभी मांगने का कारोबार नही करना पडे लेकिन दूनियादारी में बिना लेन-देन के काम नही चलता है शायद आदम के इगो को घटाने और बढाने के लिए इससे बढिया रीति विकसित ही नही हो पायी है पैसा स्वामित्व भाव तो पैदा कर ही देता है सो याचको की टोली का मेरे जैसा नायक अक्सर यही सोचता रहता है कि मुद्रा की अवधारणा सहअस्तित्व और इंसानी जरुरतों के इर्द-गिर्द क्यों नही रह पाती है।
बहरहाल इस पोस्ट के बहाने के बेशर्म किस्म का सर्वे भी करने जा रहा हूँ फेसबुक पर जुडे मेरे सभी मित्र यह बताएं कि वें जरुरत पडने पर मेरी कितनी (धनराशि) की मदद कर सकते है वह भी बिना यह पूछे कि मुझे क्या जरुरत आन पडी है इस पोस्ट पर आयें कमेंट मेरी फेसबुकिया दोस्तों के बीच मेरी क्रेडिट लिमिट का भी निर्धारण करेंगी...हालांकि जो लोग मेरी गांव की पृष्टभूमि जानते है ( मसलन जमींदार का पुत्र वगैरह-वगैरह) उनके लिए यह पोस्ट एक सदमे से कम नही होगी लेकिन अपनी फितरत ही ऐसी है हमेशा जैसा फील करते है वैसा ही लिखते है और इमेज़ कॉनशिएस मै कभी रहा भी नही हूँ। सो आपका समय शुरु होता है अब......जरा बताएं कि आप अपनी गाढी मेहनत की कमाई में से अधिकतम कितनी सहयोग राशि मुझे बतौर उधार देने की हिम्मत रखते है जबकि आपको यह भी पता हो कि हाल फिलहाल कम से कम से दो साल पैसा वापिस आने की कोई सम्भावना नही है।
यह एक अपने किस्म का पहला और गंभीर फेसबुकिया प्रयोग है इसे न तो व्यंग्य समझा जाए और न ही एक चलताऊ किस्म की पोस्ट ना ही मेरी अभिलाषा छ्द्म लोकप्रियता हासिल करने की है सो एक हाथ अपने दिल पर रखे और एक अपनी जेब पर और फिर उसके बाद अंको में वह राशि बताएं जितने की मदद करने की हिम्मत आप 24X7 रखते हैं... और हाँ किंचित भी यह सोचकर घबराये नही कि मै आपके कमेंट के बाद आपके इनबॉक्स में आकर अपनी तुरंत डिमांड रख दूंगा क्योंकि फिलहाल मुझे ऐसी कोई जरुरत नही आन पडी है। मेरी जिज्ञासा खुद की फेसबुकिया हैसियत (क्रेडिट लिमिट के सन्दर्भ में) जानने की है सो अभी तक मेरी गालबजाई पर हौसला बढाने वाले दोस्तों अब आपकी बारी है कि एक रोचक,अजीब और बेशर्म किस्म के सर्वे पर भी अपनी वैसी ही बेबाक राय रखें जैसी अभी तक आप मेरी फेसबुकिया पोस्ट पर रखते आयें है....

डिसक्लेमर: इस पोस्ट का उद्देश्य किसी मित्र की आत्मीयता धन के सन्दर्भ में आंकना कदापि नही है और न ही मै दोस्तों को परखने में यकीन रखता हूँ आप सभी मेरे लिए जीवन की स्थाई पूंजी से भी बढकर है। यह केवल एक खाली दिमाग की उपज मात्र है।

Tuesday, December 3, 2013

एक किरदार ऐसा भी-05


सुसी-गांव के बच्चों की बुआ 


गांव के विभिन्न किरदार ब्याँ करते-करते खुद ब खुद लोग सामने आकर खडे हो रहे है मैने कभी पूर्व योजना से नही सोचा था कि कैसे लोगो पर लिखना है और न ही यह तय किया था कि इन-इन लोगो पर लिखना है जैसे ही एक शख्सियत पर लिख कर समाप्त किया उसके तुरंत बाद ही मुझे दूसरा किरदार नजर आने लगा कि अब इसकी बारी है गांव के जीवन में सहअस्तित्व की अवधारणा में जीते ये किरदार हमारे गांव के लिए किसी पूंजी से कम नही है इनका मूल्य भले ही गांव के लोगो ने उस रुप मे नही पहचाना हो लेकिन मेरे दृष्टिकोण से अभी तक प्रकाशित किया जा चुका हर शख्स अपने आप में अनूठा है उसके व्यक्तित्व का अपना एक प्रकृतिजन्य वैशिष्टय है और इसी वजह से वो शख्सियत हमारे दिल औ दिमाग मे लम्बे समय तक बने रहेंगे।

सुसी (मूल नाम सुरेशो)मेरे गांव की लडकी है लडकी इसलिए लिख रहा हूँ क्योंकि वह गांव की बेटी है गांव के निर्धन ब्राहमण परिवार में उसका जन्म हुआ था अब उसकी उम्र अब पचास के पार हो चुकी है। सुसी को पैदाईशी रुप से वाकविकार (स्पीच डिसआर्डर) था संभवत: जन्म के समय मस्तिष्क में कोई क्षति हो गई होगी और इसी बीमारी का असर उसके संज्ञानात्मक विकास ( Cogitative Development) पर भी पडा वह मानसिक रुप से विकलांग नही थी लेकिन इसके अलावा उसके व्यक्तित्व और व्यवहार में असामान्यता जरुर थी वह ठीक से बोल न पाती थी उसका उच्चारण अस्पष्ट था वह बेहद तेज़ बोलती और चंचल भी थी एक जगह वह बैठी नही रह सकती है गांव की गलियों में उसके चक्कर लगते ही रहते थे कभी इस घर तो कभी इस घर गांव के लिहाज़ से वह ‘डारो’ (घूमंतू) थी। सुसी के सभी लक्षण मै उसके व्यस्क रुप के बता रहा हूँ उसकी अपने निजि जीवन की कहानी भी कम दुख और त्रासदी से भरी नही है।
मानसिक रुप से चुनौतिपूर्ण जीवन जीने वाले लोगो के लिए समाज़ में दया तो होती है लेकिन वो दया बेचारगी से उपजा आवेशभर होता है बाकि ऐसे लोगो के समुचित पुनर्वास की व्यवस्था अभी तक तो शहर में भी उपलब्ध नही है गांव में पुनर्वास जैसी कोई चीज़ होती है यह कोई जानता भी नही है।
सुसी का जितना किस्सा मुझे ज्ञात है उसके हिसाब से सुसी के घर वालों ने उसकी मानसिक अक्षमता के बावजूद उसका बाल विवाह कर दिया था उसके पति और ससुराल पक्ष को जैसे ही इस बात का पता चला कि सुसी एक सामान्य बहु नही है तो उन्होने उसके साथ बेहद अमानवीय किस्म का व्यवहार किया उसकी ससुराल पक्ष वालों ने उसका शोषण करना आरम्भ कर दिया उससे रात-दिन घर का काम करवाना और उसके साथ मारपीट करना भी शुरु कर दिया था। सुसी की शादी के कुछ दिन बाद हमारे गांव से उसके परिवार का कोई व्यक्ति जब सुसी से मिलने उसकी ससुराल गया तो सुसी उसके सामने फफक कर रो पडी और अपनी सारी व्यथा संकेतो के माध्यम से कह दी और उसने वहाँ अपना निर्णय भी सुना दिया कि अब उसे एक दिन भी यहाँ नही रहना है बस उसके बाद वह स्थाई रुप से अपने मायके यानि हमारे गांव आ गई। सुसी उसके बाद कभी वापिस अपनी ससुराल नही गई उसके गांव आने के बाद उसके सुसराल पक्ष ने भी शायद कभी उसकी सुध नही है उसके पति के बारे में कभी गांव में नही सुना गया हालांकि जो बाते सुसी के बारे में मुझे पता है वह नितांत ही स्मृति और जनश्रुति आधारित है।
सुसी ने इसके बाद अपने मायके को ही अपना सब कुछ मान लिया है सुसी अपने मनमर्जी से गांव में घूमती रहती थी गांव मे जब भी कोई शादी होती तो गांव की महिलाएं उसको कपडे भी देती थी सुसी के व्यक्तित्व की खास बात यह भी थी कि वह अपनी चाल-ढाल से बच्चों के मन में विशेष कौतुहल पैदा करती है वह जब गली मे चलती तो बच्चों की टोली उसके पीछे-पीछे चल पडते कई बार बच्चे उसको परेशान भी करते थे यानि उसको चिढाते भी थे अमूमन सुसी बच्चों पर गुस्सा नही करती थी लेकिन जब बच्चों की गुस्ताखियाँ बढ जाती तो वह बच्चो को अजीब तरह से डरा भी देती थी वो उसकी एक खास किस्म की भय पैदा करने की मुद्रा और आवाज़ होती थी उसका बच्चों को डराना केवल उनसे खुद को बचाना होता था क्योंकि कई बार बच्चे उसको बहुत परेशान करते थे। आज भी गांव की महिलाएं बच्चों को रोने से चुप कराने के लिए कह देती है कि चुप हो जा वरना सुसी आ जायेगी और जिस बच्चे ने सुसी का भय देख लिया वह तुरंत ही सुसी के नाम से चुप भी हो जाता थ। ऐसा भी नही था कि वह बच्चो मे भय का ही प्रतीक रही है वह स्वभाव से दयालु भी थी जब भी बच्चा बुआ जी कह कर माफी मांग लेता वह उसको प्यार भी करती थी।
सुसी के लिए आज भी गांव के हर घर का दर खुला है उसके लिए कोई भी भेद नही है उसे हर घर में आदर मिलता है महिलाएं उसको चाय भी पिला देती है और खाना भी खिला देती है और वो खुद भी मांग कर चाय पी लेती है सुसी के व्यक्तित्व में एक खासियत यह भी है कि सुसी अपने मन की मर्जी की मालिक है जहाँ उसका मन नही खाने का होता है वहाँ उससे कितना ही आंग्रह कर लो वह कुछ नही खायेगी...। सुबह-शाम उसको गांव के गलियों में घूमते देखा जा सकता था गांव के बच्चे जब उससे डर जाते तो बुआ जी-बुआ जी करने लगते थे और वैसे भी वह गांव के बच्चो की घोषित रुप से बुआ ही रही है।
सुसी से जब उसके पति की चर्चा करने की कोशिस करता था तो वह प्राय: कुछ चुप हो जाती या फिर अपनी ही अर्द्ध विकसित भाषा में अजीब-अजीब बडबडाने लगती है वह अपने पति को ‘बाबू’ कहती थी उसके सारे प्रलाप में केवल बाबू ही समझ मे आता था कई बार उसको चिढाने के लिए भी लोग कह देते कि बाबू आया हुआ है तुझे उसके साथ भेजेंगे बस फिर वो फट पडती उसकी भाषा तो समझ मे नही आती लेकिन उसकी अव्यक्त भाषा मे छिपा रोष जरुर प्रकट हो जाता हालांकि कुछ लोगो की यह भी मान्यता रही है कि सुसी अपने पति को भला-बुरा नही कहती है बल्कि अपने ससुराल पक्ष के दूसरे लोगो से वह ज्यादा खफा है।
सुसी ने सारा जीवन ऐसे ही ही संताप में बिता दिया उसका दुख किसी त्रासद कथा जैसा है जहाँ उसकी अक्षमता से उपजे उसके दुर्भाग्य ने उसको ऐसी जिन्दगी जीने के लिए बाध्य किया। यह तो गांव के जीवन की खुबसूरती कह लीजिए या गांव की सदाश्यता की सुसी ने अपना सारा जीवन गांव मे सहज और निष्कलंक बिता दिया है गांव में वह अपनी विधवा मां और भाई के साथ रहती थी अब उसकी मां का भी देहांत हो गया है सुसी का एक भाई शहर मे रहता है लेकिन भाईयों ने सुसी की कभी उस रुप मे देखभाल नही की सुसी के लिए सारा गांव ही भाई और पिता समान बनकर रहा है।
अब सुसी भी वृद्धावस्था की तरफ बढ रही है अब उसकी सक्रियता भी कम हो गई है उसको पेंशन मिलती है गांव से ही मुझे अपुष्ट जानकारी मिली उसके हिसाब से पता चला है कि उसका भाई उसको अपने साथ ले गया है शायद उसको मिलने वाली एक पेंशन भी एक वजह हो सकती है लेकिन यह खबर बेहद विचलित करने वाली है जो सुसी दिन भर गांव में घूमती थी उसके लिए शहर के दस बाई दस के दबडों मे रहना कितना दुष्कर हो रहा होगा इसकी कल्पना की जा सकती है।
बहरहाल सुसी के डर और प्यार को देखकर बडी हुई पीढी के लिए सुसी को भूल पाना जरुर मुश्किल है क्योंकि सुसी गांव के रिश्तों मे रची-बसी एक ऐसी शख्सियत है जिसको देखकर कभी डर लगता था तो कभी खुशी भी मिलती थी उसकी अट्टाहस भरी हंसी मुझे आज भी याद आती है आने वाली शादी ब्याहों और अन्य मांगलिक आयोजनो में सुसी की कमी जरुर खलने वाली है यह सारा गांव जानता और समझता है।

Monday, December 2, 2013

बातें गांव की---- एक किरदार ऐसा भी-04



यह ऐसा किस्सा है जिसका केन्द्रिय पात्र केवल शरीर से मेरे गांव से ताल्लुक रखता है बाकि उसके जैसी चारित्रिक विशेषताएं लगभग आपको हर गांव में देखने को मिल जायेगी इस तरह के किरदार लगभग हर गांव में ही पाये जाते है। ऐसे लोग अपनी पीढी के अकेले बचे हुए लोग है और इनके निर्वाण के बाद इन किरदारों के व्यक्तित्व मे रची-बसी एक परम्परा भी इनके साथ  समाप्त हो जाएगी।
गांव के रिश्ते के लिहाज़ से वह मेरा  भाई लगता है लेकिन उम्र मे मेरे पिताजी से भी बडा है गांव के बहुसंख्यक लोगो के लिए वह कोई चर्चा योग्य पात्र नही है ऐसा नही है वह कोई अपमानित होने वाला शख्स है लेकिन संयोग से वह अपनी पीढी और परम्परा का अकेला शख्स बन कर रह गया है गांव में मूल नाम के अपभ्रंश करने की बडी समृद्ध परम्परा भी रही है और नाम का सम्मानजनक सम्बोधन किसी की भी आर्थिक सबलता से तय होता है गांव भी इससे अछूते नही है। हमारे गांव के बडे परिवार मुखिया खानदान का एक छोटा और सीमांत श्रेणी का किसान है ‘पटम्बर आंधा’ आधिकारिक रुप से उसका नाम पीताम्बर है लेकिन गांव में वाचिक परम्परा की सुविधा और आर्थिक सम्पन्नता के वर्गीकरण के लिहाज़ से उसका नाम सदैव से ही ‘पटम्बर’ ही रहा है ( मै यह नही कहूंगा कि कालांतर मे पीताम्बर से अपभ्रंश होकर पटम्बर हो गया था) अब आंधा लिखने की वजह भी बताता हूँ पटम्बर को एक आंख से बेहद कम दिखाई देता है शायद बचपन मे ही ‘मायपोयिया’ हो गया होगा और सूर्यास्त के बाद उस आंख से लगभग दिखना बंद ही हो जाता है इसलिए पटम्बर को आंधा भी कहने लगे है गांव में शारिरिक अयोग्यता भी व्यक्तित्व के साथ ढोने वाली चीज़ बन जाती है इसलिए उसे गांव में सयुक्त रुप से पटम्बर आंधा कहा जाने लगा हालांकि उनको आन्धा कहने की एक और वजह यह भी है वो जिस मुखिया खानदान से सम्बंधित है वह भी गांव के बौंग ( लोकप्रचलित उपनाम) के लिहाज़ से आन्धे ही कहे जाते है इसलिए पटम्बर के साथ आन्धा शब्द दोहरे रुप मे चस्पा हो गया।
पटम्बर आंधा के पिताजी कभी हमारे जनपद के चोटी के पहलवान हुआ करते थे उनका नाम कुंदन था दंगल में उनसे हाथ मिलाने की जुर्रत बडे बडे शूरमा भी नही कर पाते थे उनके विषय में गांव में काफी किम्वदंतिया प्रचलित है मसलन उन्होने एक दंगल में सामने के पहलवान से हाथ मिलाकर उसके अंगुलियों के पोरो से खून की धारा चला दी थी, वो लडते हुए झोटे (भैंसा) को सींग पकडकर अलग कर देते थे, वो बैल के अगले दो पैरो को पकडकर उसे सीधा उपर उठा देते थे, वो वजन उठाने में भी बेहद बलशाली थे आदि आदि....ऐसे बलशाली पहलवान के पुत्र के रुप पटम्बर आंधा का जन्म हुआ लेकिन पिता की मृत्यु के बाद वो उनकी समृद्ध पहलवानी की विरासत को उस रुप मे आगे नही बढा सके हालांकि पटम्बर भी अपने जवानी के दिनों में अत्याधिक बलशाली रहे है लेकिन उनके किस्से दंगल में कुश्ती लडने के नही रहे बल्कि खेत से भारी वजन की घास की गठडी उठाकर गांव तक लाने तक ही सिमट कर रह गये।
गांव के लोगो के लिए पटम्बर आंधा एक कमअक्ला किस्म का इंसान हो सकता है लेकिन मै मनोवैज्ञानिक रुप से जब उसके व्यक्तित्व को जब देखता हूँ तो मुझे वह पिता की परम्परा की अपेक्षा और अपनी आंखो की कमजोरी तथा आर्थिक बदहाली से उपजे दबाव की उपज दिखने लगता है कदकाठी के लिहाज़ वह आज भी 6 फीट से अधिक लम्बा है और उम्र भी 70 के पार हो चुकी है। गांव में पटम्बर आन्धा का जिक्र जिस बात के लिए किया जाता है वह है उसकी खुराक। घोषित रुप से वह हमारे गांव का सबसे बडा खाऊ आदमी रहा है घर,शादी ब्याह या अन्य किसी भी कार्यक्रम में उसकी चर्चा उसकी गजब की डाईट को लेकर ही होती रही है गांव मे कभी दबे स्वर तो कभी मुखर रुप से उसका अत्याधिक खाना खाने की क्षमता और आदत होना एक प्रहसन का विषय रहा है लेकिन मै इसे उसके व्यक्तित्व की विशेषता के रुप में देखता हूँ।
लौकिक रुप से पटम्बर आंधा सम्मान/अपमान दोनो से ही मुक्त चेतना है वह लोगो की खुशियों में शामिल होना अपना अधिकार समझता है ईगो जैसी भी कोई चीज़ होती है वह कभी जान ही नही पाया है उसके व्यक्तित्व में जटिलताएं नही है भले ही उसके जीवन में प्रमुख अभिप्रेरणा भोजन है लेकिन इसके बदले मुझे उसके अन्दर एक सदाशयता ही नजर आती है।
पटम्बर आंधा एक अच्छा गल्प सुत्रधार भी वह किस्सागो भी है उसकी चुस्त जुमलेबाजी और अपने जवानी के दिनों के अनुभव खासकर यात्रा संस्मरण गजब के है जिसमे देहात के एक सरल और अनपढ इंसान के भदेशपन की महक आती है। पटम्बर आंधा भले ही सामाजिक रुप अधिक स्वीकृत या सम्मानित अवस्था में नही है लेकिन वह निर्द्वन्द है उसके जीवन में संकोच जैसी चीजों के लिए कोई  स्थान नही है गांव के मांगलिक कार्यक्रमों में वह आमंत्रण जैसी औपचारिकता का भी अभिलाषी नही है जिसे प्राय: उसकी कमजोरी के रुप मे देखा जाता है लेकिन मेरे हिसाब से ऐसा जीवन जीने का अभ्यास विकसित करना अपने आप में बडी बात है जहाँ आप लोक अपेक्षाओं से परे अपने जीवन के एक मात्र अनुराग ( भले ही भोजन हो) के सहारे जीवन जी पा रहे हो।
पटम्बर आंधे के खाना खाने के किस्से आज भी गांव मे इतने मशहूर है कि लगभग गांव के सभी लोग उनके बारे मे जानते है वह दो डोंगे भर के रसगुल्ले एक बारात मे खा गया था एक किलो बूरा चावल के साथ खाना उसके लिए कोई बडी बात नही रही है गांव में लडको की शादी मे दिए जाने वाले प्रीतिभोज ( मंढा) में उसके द्वारा 50-60 लड्डु खाया जाना भी कभी आम बात हुआ करती थी। अब बुढापे में उसकी भी डाईट घट गई है लेकिन मीठा खाने के मामले में आज भी उसको कोई सानी नही है। मैने एक दफा खुलकर उससे उसकी खाने की प्रवृत्तियों पर बात भी की थी तभी मुझे पता चला कि उसके लिए उसका इतनी बडी डाईट खाना कोई विषय ही नही है यह उसकी जीवन का हिस्सा भर है हालांकि वह अब यह भी कहता है कि गांव में उसके खाने को लेकर दुष्प्रचार अधिक हुआ है वह अब उतना बडा खाऊ नही रहा है लेकिन अपनी जवानी दिनों के दिनों को याद करते हुए वह खुद अपने खाने के किस्से ब्याँ करने लगता है।
अपनी उम्र के इस आखिरी पडाव पर पटम्बर आंधा अब भले ही अपने पुत्रों द्वारा बिना आमंत्रण के भोज पर जाने से रोका जाना लगा हो लेकिन इसके बावजूद भी उसके अन्दर कोई अपराधबोध नही है यह उसके व्यक्तित्व की सरलता ही है कि मैने शायद ही उसे कभी क्रोध मे देखा हो दरअसल वह अपनी ही धुन मे रहने वाला और सीधे रास्ते पर चलने वाला एक आम सच्चा देहाती मानुष है जो दूनियादारी के लंद-फंद नही जानता है अपनी क्षमताओं का ग्लैमराईजेशन भी उसको नही आता है वह साक्षी भाव से जीवन जीने का आदी है और अपने आसपास के लोगो को देखकर उनकी गति और बदलाव को देखकर यह जरुर लगता है पटम्बर आंधा जैसे लोगो अपनी पीढी के अंतिम लोग है ऐसे में उनके व्यक्तित्व का दस्तावेजीकरण हमारे लिए एक परम्परा के दस्तावेजीकरण का काम करेगा ताकि आने वाली पीढियों को ऐसे लोग सनद रहे। 

अंतर्मुखी

अंतर्मुखी व्यक्ति भले ही समाज की मुख्य धारा में उतने काम के न नजर आते हो लेकिन उनकी आत्मकेन्द्रिता प्रतीक होती होती है उनके अन्दर छिपी रचनात्मकता की, साथ ही आध्यात्म की सूक्ष्म वृत्तियों को समझने और बरतने की सबसे अधिक सम्भावना अंतर्मुखी व्यक्तियों के अन्दर छिपी होती है उनके चिंतन की व्यापकता का बडा आधार इससे भी तय होता है कि उनकी ऊर्जा संसार की अभिव्यक्तियों या संलिप्तताओं मे व्यय नही होती है यदि अंतर्मुखी व्यक्ति थोडा भी चैतन्य है तो वह अपने इस शीलगुण का प्रयोग अपने अस्तित्व के अनंत विस्तार और आत्म को समझने के लिए बखुबी कर सकता है। ध्यान,लेखन,सृजन के लिए परमात्मा के उपयुक्त चित्त यदि दिया है तो वह अंतर्मुखी जीव के अन्दर ही दिया है ऐसा नही है बर्हिमुखी इंसान किसी काम का नही है उसकी अपनी उपयोगिता है लेकिन प्राय: अंतर्मुखी इंसान खुद को हीनता के बोझ तले दबा पाता है जिसके चलते वह उस सृजनशील चेतना को विकसित होने का अवसर नही दे पाता है और अंतोत्गत्वा हानि विशुद्ध मानवीयता की ही होती है। समाज के दबाव से मुक्त होकर जीने की कला सीखने मे बरसो बीत जाते जाते है और तब तक ऐसे बहुत सी अंतर्मुखी प्रतिभाएं समाज़ की उस अपेक्षाओं की बलि छड चुकी होती है जहाँ मिलनसारिता और हंसमुख होना जिन्दा होने की अनिवार्य शर्त समझी जाती है।

Tuesday, November 19, 2013

तीन स्टेट्स

बुद्धिमान पत्नी
परिपक्व प्रेमिका
भावुक साथी
और सच्चे दोस्त

की तलाश में अपेक्षाओं के बीहड़ में भटकता जब रोज़ शाम अपनी कब्र में दाखिल होता है तब उसका एकांत उस पर हंसता है और वो नजर चुराकर बडबडाता है ये कमबख्त दूनिया मुझे गलत समझे जाने के लिए शापित है ।


----------------------------------------------

कविता की सम्वेदना पर तब्सरा करने से पहले खुद का व्यवहार देखिए कि आप रिक्शेवाले,फल-सब्जी की रेहडी लगाने वाले,बूट पोलिश करने वाले,दिहाड़ी मजदूर,समाज के फिफ्थ क्लास लोगो के साथ किस तरह से पेश आतें है आपकी बातचीत की टोन कैसी होती है।

---------------------------------------------------

हर शख्स के अंदर एक साहित्यिक किरदार बसता है जिस पर कविता लिखी जा सकती है जो किसी भी उपन्यास का नायक हो सकता है।

Tuesday, November 12, 2013

मन

मन से मन का अतिक्रमण करने को सोचने मात्र से पूरा अस्तित्व विद्रोही हो जाने की धमकी देने लगता है. मन चंचल है यह तो शास्वत है लेकिन मन आदेश पालना के मामले में भी प्राय: एकाधिकारी होने की चेस्टा करता है.मन कॊई  इकाई नही है लेकिन मन के बिना कोई इकाई दहाई नही बन पाती है. मन की एक उड़ान है अपनी गति भी है लेकिन मन की  लय लोक से अभिप्रेरित प्रतीत होती है दिशाबोध के मामले में भी मन के कुछ अपने पूर्वानुमान हैं  जिनको वह अर्द्धचेतन में सुरक्षित रखता है और जब जब शाम गहराती है या धुंध के बादल छा जाते है तब मन उनसे पड़ताल करवाता है कि उसको किस दिशा में उड़ना है. एक अस्तित्व के अंदर कितने अस्तित्व और उन सभी अस्तित्व के भी  कितने स्तर गूथे हुए है इसको सुलझाने में वर्षो बीत सकते हैं. मन बावरा है मन  व्याकुल भी है मन निरुपाय भी है लेकिन ये मन ही तो है जो अचानक से हमे अंदर तक आनंद में तर कर देता है और अचानक से उदासी में लिपटी मुस्कान छोड़ जाता है. मन को समझाना व्यर्थ है हम मन को समझा नही सके है जब हम मन को समझा रहे होते है तब मन तो बंकिम हंसी से हमारी छटपटाहट पर मुस्कुरा होता है दरअसल हम मन के चक्कर में अपने इगो को समझा रहे होते है.मन इगो से परे है उसकी अपनी एक दुनिया है,इगो लोक का दास है तो मन अपने मन का मुरीद.यह दासता में जी ही  नही सकता है न यह किसी को अपना दास बनाना चाहता है हाँ ! ये उन्मुक्त खुला गगन चाहता है जहां लोक के अभिसारी बंधन न हो जहाँ अपेक्षाओ का बोझिल संसार न हो...मन को समझना दरअसल खुद को समझने जैसा है यह जितना प्रकट है उससे कंही अधिक गुह्य भी.मन को स्तरों पर न बांधो मन का विश्लेषण भी मत करो बस अपने मन कि सूक्ष्म उपस्थिति को अनुभूत करो इसके बाद मन के प्रश्न खुद जवाब में रूपांतरित हो जायेंगे फिर शायद आपको मन को जीतने की जरूरत भी न पढ़े क्योंकि तब तक आपका मन के साथ जीने का अभ्यास विकसित हो चूका होगा फिर गीता के उपदेश सुनने में आनंद ले सकोगे क्योंकि फिर ये उपदेश आपको अपराधबोध में नही ले जा सकेंगे बल्कि आप खुद योगिराज कृष्ण के वाक् चातुर्य और अर्जुन के अवसाद पुनर्वास का सच्चा आनंद ले सकेंगे जिससे आप अभी तक वंचित है. 

Sunday, November 10, 2013

हरजाई

मेरे जैसे गैर पेशेवर शख्स के जीवन में  यंत्रो की  भूमिका पर कई बार गहराई से सोचता हूँ यहाँ गैर पेशेवर से आशय कंप्यूटर की तकनीकी दुनिया से ताल्लुक न रखने से है.पिछले दो महीने से घर पर लैपटॉप पर नेट का कनेक्शन नही चल रहा है वजह दो है एक तो हर महीने हजार रुपये का टाटा फोटोन प्लस का रिचार्ज जेब पर भारी लग रहा था दूसरा यूनिवर्सिटी में डिपार्टमेंट में ब्रॉडबैंड सुविधायुक्त एक पीसी मेरे कब्जे में आ गया है जहाँ से मैं देश दुनिया से जुड़ा रहता हूँ बस इसी सुविधा के चलते घर पर फोटोन प्लस की कुप्पी गोदरेज के अलमारी पर पड़ी धूल फांक रही है. मेरी इस मनमानी और बेरुखी का सबसे बड़ा भुक्तभोगी मेरा 4 साल पुराना लैपटॉप बना हुआ है आज मैंने उसको देखा तो मुझे अपने मतलबी होने का बड़ा अफ़सोस हुआ क्योंकि बिना इंटरनेट के उसको खुले भी कई कई दिन हो जाते है वो भी उसी गोदरेज के अलमारी कि छत पर धुल की खुराक ले रहा है. फोटोन प्लस की कुप्पी और लैपटॉप फिलहाल मेरे जीवन की सबसे उपेक्षित वस्तु बनी हुई है  . कभी कभी सोचता हूँ कि जो लैपटॉप मेरे  सुख दुःख का इतना बड़ा भागीदार रहा है जिसके कीपैड ने मेरे हताशा और नाराज़गी के पलों में अपनी छाती पिटने के लिए  मेरे निर्मम हाथो के हवाले कर दी हो और हमेशा मेरे मन के द्वन्द को शब्दो का आकार दिया हो वो इनदिनों कितना तन्हा महसूस करता होगा उसे तो ये भी नही पता होगा कि मैंने एक नया यार यूनिवर्सिटी में बना लिया है  अगर उस यंत्र का अपना कोई सोचने का तंत्र होता तो मनुष्य के रूप में उसके लिए सबसे घ्रणा का पात्र मै ही होता.लैपटॉप की मेमोरी  में बेतरतीब पड़ी फाइल्स भी मुझे लानत भेजती होगी जिनको खोले भी मुझे एक पखवाड़ा  हो गया है. कुल मिलकर मेरा लैपटॉप तभी तक गुलज़ार था जब तक उसमे इंटरनेट की प्राणऊर्जा बह रही थी जैसी ही इंटरनेट बंद हुआ लैपटॉप कि ड्राइव में पड़ी फाइल्स भी अपने अपने फोल्डर में कैद हो गयी है वो मुझ हरजाई की एक क्लिक के इन्तजार में बावरी हो रही होगी ये सोच कर मेरा जी भर आता है. लैपटॉप के यूएसबी हलक में लैला मजनूँ सी फंसी रहने वाली टाटा फोटोन प्लस की कुप्पी भी कितनी बेबस हो गयी है क्योंकि उसके पास नेटवर्क का सिग्नल तो है लेकिन मुद्रा की खुराक नहीं जिसके चलते टाटा कंपनी ने उसका दाना पानी बंद कर दिया है अब घर के एकांत में मेरा लैपटॉप और फोटोन प्लस की कुप्पी अपने अपने दुःख के संगी साथी बन थोडा मुझे कोस रहे होंगे और थोडा उसका कथित भगवान् को जो हर महीने मेरा हाथ तंग ही करता जा रहा है. फोटोन प्लस की कुप्पी की चिंता और भी बड़ी होगी क्योंकि अगर एक महीने मै अगर ऐसे ही सरकारी पीसी के इश्क़ में पड़ा रहा तो फिर टाटा कंपनी उसको हमेशा के लिए खामोश कर देगी.मनुष्य के तौर पर मैं केवल साक्षी भाव से अपने बुरे दिनों के अच्छे साथी रहे इन दोनो  साथी की पीड़ा देखकर बैचैन जरुर हूँ लेकिन फिलहाल अपनी जेब को देख कर चुप हो जाता हूँ बस आज सांत्वना के लिए मैंने इतना किया कि उन पर वक्त की मार ने जो गर्द चढ़ा थी उसको मैंने साफ़ किया और मै कर भी क्या सकता हूँ....:( 

Saturday, November 9, 2013

अथ फोन कथा

बहुत दिनों से स्पाईस का 2700 रुपये का खरीदा हुआ फोन प्रयोग कर रहा था अभी एक हफ्ते पहले फ्लिपकार्ट पर किताब तलाश रहा था तभी मेरी नजर इस फोन पर पडी और मेरी जी ललचा गया जब जेब टटोली तो वो फटेहाल थी फिर देखा कि इस फोन को खरीदने के लिए ईएमआई की सुविधा उपलब्ध है यह देखकर थोडा जी राजी हुआ लेकिन जब हमने आप्शन देखे तो वहाँ एचडीएफसी,आईसीआईसीआई जैसे बडे बैंकों के क्रेडिट कार्ड होल्डरस के लिए उक्त सुविधा थी फिर मन मसोस कर रह गया तभी छोटा भाई ऑनलाईन था उसको सारा मसला बताया वो नोएडा की एक साफ्टेवेअर कम्पनी मे कार्यरत है हालांकि तनख्वाह उसकी भी कमोबेश मेरे जितनी ही है लेकिन उसके पास एचडीएफसी का ऑफर देकर दिए जाने वाला क्रेडिट कार्ड है उससे बडे भाई की मन मसोस कर रह जाने हालत देखी नही गई और उसने तभी अपने क्रेडिट कार्ड से यह फोन जिसकी कीमत 17400/- (ईएमआई मोड पर) तुरंत आर्डर कर दिया अब मै हर महीने इसकी किस्त जमा कर दिया करुंगा 6 महीने की ईएमआई के बाद यह फोन पूर्णॅकालिक अपना हो जायेगा...सौभाग्य से अपना स्पाईस वाला फोन भी ठीक ठाक कीमत पर बिक गया है और उसमे कुछ पैसे डालकर इस फोन की पहली ईएमआई मैने जमा भी कर दी है...अगले महीने की तब की तब देखेंगे...फिलहाल तो 2-3 घंटे से इसके फंक्शन देख रहा था एंड्रायड फोन है सो नेट अच्छा चलता है...बस यही छोटी सी कहानी है अपनी भाई भाई के काम आ गया इससे यह खुशी फोन लेने की खुशी से कई गुना बडी है....
(हम ठहरे थे पीएनबी के बचत खाते वाले करमठोक इंसान जिनकी पे स्लिप देखकर खुद का बैंक भी मदद करने साफ मना कर देता है और हर महीने सेलरी आते है सबसे उत्साह से एक ही काम होता है वह होता है खाते को जीरो बैलेंस कर देना...ऐसे में पूर्णकालिक वेतनभोगी भाईयों का ही सहारा शेष बचता है..)

Monday, October 28, 2013

होली

होली हुडदंग है न कि शास्त्रीय मस्ती का उत्सव। गांव के बच्चें फिर् भी शालीन रहते है लेकिन शहर मे अभी से देख रहा हूँ बसों में तथा दो पहिया चालकों की कनपटिया गुब्बारों से पिट रही है शहरी हुडदंगी बच्चे इतने निरकुंश हो कर गुब्बारे मार रहे है कि वह किसी को किस स्तर का नुकसान पहूंचा सकता है इसकी कोई न उन्हे कोई फिक्र है और न तमीज़..। माफ कीजिए बच्चों को शरारत और मस्ती के नाम पर मै ऐसी छूट देने के पक्ष में कतई नही हूँ जिससे बस के यात्री शहर में आने से पहले ही बेचारे आतंकित हो जाएं कि कब कहाँ कैसे गुब्बारा उनकी कनपटी लाल कर देगा।
अब गांव का किस्सा, गांव में मजाक का सात्विक स्वरुप लगभग दो पीढी पहले ही बात है जब लोग दिल के सच्चे और जबान के पक्के हुआ करते थे वर्तमान में होली गांव के ऐसे निठल्ले अधेड युवाओं के लिए दारुबाजी और फिर अपनी स्त्री देह को स्पृश करने आदिम इच्छा तथा यौन कुंठाओं को आरोपित का त्यौहार है जिसमें वें इस मस्ती के नाम पर मुहल्ले भर की भाभीयों को न केवल तंग करते है बल्कि बलात रंग से गाल लाल करके अपने पुरुषवादी चेहरे को पुरस्कृत करते हैं।
मथुरा,वंदावन की फूलो की होली या लठ्ठमार होली से भी कोई उदाहरण तय नही किया जा सकता है क्योंकि वह केवल वही तक सीमित है। सच तो यह है कि पुरुषों के निरंकुश और अराजक होने आदिम प्रवृत्ति को अप्रत्यक्ष रुप से पोषित करता है यह होली का त्यौहार जिसको जब भी ,जैसे भी, अवसर मिलें वह अपने प्रभुत्व और कुंठाओं को आप पर आरोपित करके मानसिक सुख लेना चाहता है और नाम दे देता है त्यौहारी मस्ती का।
रहा होगा कभी सौम्य,सात्विक स्वरुप जिसमें हास-परिहास हुआ करता होगा एक गरिमा हुआ करती होगी लेकिन इस दौर की होली देखकर तो यही जी करता है अब बुरा ही मानकर काम चलेगा वो जुमला अब अप्रासंगिक हो गया है बुरा न मानो होली है !
(होली के दिन गांवों में पार्टीबाजी के चलते कितनी ह्त्याएं होती है पुलिस कैसे अतिसम्वेदनशील गांव को लेकर चौकन्नी रहती है उसका जिक्र नही कर रहा हूँ वरना आपकी होली का मजा खराब हो जायेगा लेकिन वो भी एक बडा कडवा सच है)

रेडिकल चेंज

विश्वविद्यालय की तदर्थ मास्टरी छोडने की सोच रहा हूँ बहुत हो गया रोजाना कि वही रुटीन लाईफ क्लॉस रुम लेक्चर,शोध पत्र,सेमीनार,एपीआई और विभागीय तिकडमबजियाँ..। मनुष्य का जीवन एक ही बार ही मिलता है और ऐसे बंधे-बंधायें जीने में क्या खाक मजा है। उच्च शिक्षा में आयें तो 01 पी.-एच.डी. 3 पीजी और 2 विषयों में यूजीसी नेट कर डाला पिछले 6 साल से विश्वविद्यालय में अस्थाई ही सही लेकिन यू.जी./पीजी. का अध्यापन किया एक निजि विश्वविद्यालय में 3 लोगों के एम.फिल.डिजर्टेशन में गाईड बना। कुल मिला कर जो भी किया उसका संतोष है लेकिन अब इनर कॉल कुछ इस तरह की आ रही है कि अब एक रेडिकल चेंज की जरुरत हैं।
आप सभी मुझे काफी दिनों से समझ और जान रहें है मेरी तमाम बदतमीजियों और उदासियों के किस्सों के चश्मदीद गवाह है इसलिए आप ही से पूछ रहा हूँ अध्यापन के अलावा मै क्या कर सकता हूँ ? मुझे क्या करना चाहिए यह बहस का मुद्दा नही है सो प्लीज़ मेरा भला-बुरा किसमें है ,मनोविश्लेषण आदि करनें से बचिएगा। यहाँ मै आपकी सलाह नही ले रहा हूँ केवल मेरी जीवनशैली और व्यक्तित्व के अनुसार मेरा पेशा और क्या हो सकता है? उस पर आपका मत चाह रहा हूँ।
आभार एवं नमन..

आना-जाना

फेसबुकिया दूनिया में मेरा आना जाना लगा रहता है यह ठीक उस नामुकम्मल कोशिस की तरह है जो अपने होने की जद्दोजहद मे रोज़ नए मिराज़ पैदा करती है और रोज़ उन्हे अपनी हकीकत की किस्सागोई के साथ दफन भी कर आती है। इतने परेशान मत हो मेरे दोस्तों ! आपकी मुहब्बतों का तलबगार हूँ अभी तो खाकसार कहने के भी काबिल नही बना हूँ उधार के अल्फाज़ और अपने कुछ तल्ख कुछ मासूम अहसासों कों कभी शायरी के बहानें तो कभी यूँ ही बेवजह की किस्सागोई के बहानें ब्याँ करने की कोशिस करता रहता हूँ। अपने कुछ खास किस्म के कद्रदानों,मेहरबानों की उम्मीदों पर खरा उतरनें का दबाव बना रहता है जो मै महसूस करता हूँ इसलिए अलबत्ता तो मेरी कोशिस यही रहती है कि पाक अहसासों और उम्मीद की रोशनी से मेरी तरफ देखने वालें दोस्त मेरी हाथ की सफाई और नजरबंदी के खेल की हकीकत हो पहले ठीक से समझ लें,जान लें बावजूद इसके भी कुछ लोगो की इज्जतअफजाई और मुहब्बतों की तकरीरे मेरे नाजिरखाने में किसी बैनामे के दाखिलखारिज़ की माफिक दर्ज़ हो जाती है क्योंकि उन्हे लगता है कि मै काम का आदमी हूँ फिर भी मुझे यही लगता है कि किसी का दिल न टूट जाएं इसलिए सभी को बार बार यही कहता हूँ " मेरे बारें में कोई राय कायम मत करना,वक्त बदलेगा और तुम्हारी राय बदल जायेगी.."
जिन्दगी को देखने-समझने के लिए सबके पास अपना-अपना तजरबे का चश्मा होता है मेरे पास भी है और अपने उस चश्में से जिन्दगी को देखने की कोशिस नें मुझे कभी आदत से जज्बाती बनाया तो कभी अदब से कमजोर इसलिए थोडा सलाहियतों पर ईमान लानें के मामलें कमअक्ला किस्म का इंसान हूँ अभी तलक तो जिन्दगी को अपनी शर्तो पर जीने की कोशिस की है कल का भरोसा नही इसलिए जब तक यहाँ इस मंच पर हूँ जैसा हूँ स्वस्थ हूँ,बीमार हूँ,छद्म हूँ,पारदर्शी हूँ,मौलिक हूँ या आयतित हूँ,बौद्धिक हूँ,दोगला हूँ ,हैरान हूँ,परेशान हूँ मुझे इसी रुप मे स्वीकार कीजिए बडी विनम्रता के साथ यही कहना चाहूंगा कि मै अपना वजूद खुद गढ रहा हूँ इसलिए किसी के भी सम्पादन की गुंजाईश नही है अच्छा,बुरा जैसा भी है सब मेरा ही है आपके पास चयन का विकल्प है इसलिए एक अस्तित्व को समग्रता के साथ स्वीकार करनें वाले साथी अपने साथ दूर तलक जायेंगे वरना न जानें कितने लोग रोज़ फेसबुक पर एड होते है और लिस्ट में क्या तो बेजान पडे रहते हैं या किसी दिन डिलिट की क्लिक के शिकार होतें है।
इस उम्मीद के साथ यह लिख रहा हूँ कि उपरोक्त कथन को मेरा अहंकार न समझा जाएं शेष आपकी इच्छा।
(मेरे फेसबुक पर आने और अचानक वितंडा फैला कर भागने के उपक्रम से आजिज़ आ चुके फेसबुकिया मित्रों के लिए मेरा फेसबुकिया हलफनामा ताकि जिरह से बचा जा सकें)

ब्रांडिंग

मुझे अपनी ब्रांडिंग करनी आज तक नही आई मैं इसको इसको किसी कमी या खूबी के संदर्भ में नही कह रहा हूँ लेकिन फेसबुक पर देखता हूँ की लोग बाग़ येन केन प्रकारेण अपनी ब्रांडिंग में लगे रहते है अपनी फितरत तो यही रही की जो अपनी जेब में है उसको भी खोटा ही बताया जाएँ क्योंकि अभी बहुत कुछ सीखना और जानना बाकी है पिछले ६ साल से दो ब्लॉग लगभग नियमित रूप से लिख रहा हूँ जिसमे एक कविताओं का हैं और एक ऑनलाइन डायरी टाइप का है लेकिन मुश्किल से ही कभी कभार अपने ब्लॉग के लिंक यहाँ फेसबुक पर शेयर किये होंगे जो लोग मेरा लिखा नियमित पढ़ते हैं उनकी भी यही शिकायत हैं की मै अपने लिखे हुए का ठीक से प्रचार नहीं कर पा रहा हूँ एकाध मित्रों की सलाह थी की मुझे पत्रिकाओं में भी छपना चाहिए तभी दायरा बढेगा और पहचान भी बढ़ेगी लेकिन मेरे दिल में कभी किसी पत्रिका में कवितायेँ भेजने का ख्याल ही नहीं आता है कभी. फेसबुक की मायावी दुनिया कभी कभी उकसाती भी है लेकिन फिर सोचता हूँ अभी ऐसा लिखा ही क्या है जो उसकी डुग डुगी बजायी जाये फिर खुद को उस कहावत के जरिये बहला लेता हूँ की सूरज जब निकलता है तब सबको दिखाई देता है उसको बताना थोड़े ही पड़ता है की मैं उग आया हूँ...

आडवाणी

सभी लोग आडवाणी की नारजगी को प्रधानमंत्री पद के लिए उनका नाम न घोषित करने से जोड़ कर देख रहे है हो सकता है की यह भी एक वजह हो लेकिन मुझे लगता है आडवाणी जी जैसा वरिष्ट नेता महज़ ऐसे भावावेश में ऐसा कोई बड़ा निर्णय नही ले सकता है. आडवाणी भाजपा के उन नेताओं में शुमार हैं जिन्होंने इस पार्टी को खड़ा किया था ऐसे में पार्टी से इस्तीफ़ा देना कोई आसान काम नहीं रहा होगा. मुझे लगता है की उनकी मोदी से सैद्धांतिक दूरी और धीरे धीरे हाशिये पर खिसकते उनके वजूद भी एक वजह रही है यह वर्तमान राजनीति की बदलती दिशा का एक प्रभाव कहिये या वक्त के मजबूरी कि मोदी अब भाजपा की मजबूरी बन गए है और ऐसे में उन्हें अपने किसी बड़े नेता को खोने का गम भी ज्यादा दिन नही रहने वाला है यह भी तय है, दरअसल वर्तमान में सैद्धांतिंक रूप से राजनीति करने वालो का समय अब ज्यादा रहा भी नहीं है क्योंकि अब जनता किसी चमत्कारिक व्यक्तित्व की आस में हैं जो कांग्रेस के राज़ से मुक्ति दिला सके अब विचारो और सिद्धांतो की राजनीति गौण हो गयी है एक भारतीय नागरिक होने के नाते मैं इसको कोई शुभ संकेत के रुप में नहीं देख रहा हूँ...आप भले ही उत्सव मनाएं..मैं किसी को रोक भी नहीं रहा हूँ.

मोटिवेशन

ज़िन्दगी की रुमानियत पर तब्सरा करने वालो को मेरा सलाम सच! जिन्दगी जिन्दादिली और जिन्दगी को हौसले के साथ जीने का ही नाम है। ज़िन्दगी कभी इतनी हसीन होती है कि कायनात की भी शरमा जाए और कभी इतनी बोझिल की एक पल जीना भी दुश्वारी लगे कभी यह खुले आसमान में जीने की चाहत पाल बैठती है तो कभी बंद कमरा भी सिमटने के लिए कम पड जाए...इसके इतने रंग है इतने कोलाज़ है और इतने कैनवस है कि कहना,लिखना,सुनना और यहाँ तक जीना भी कम पड जाए।
निजि तौर पर खुश रहना या खुश रहने की कोशिस करना या फिर खुशी तलाशना सबका हक है और हमे इसके लिए कोशिसे भी करनी चाहिए मरते दम तक। अपने निराशा या उदासी के पलों या किस्सागोई को अपने एकांत तक ही सिमट कर रखने की फनकारी भी आनी चाहिए वरना आपकी उदासी के किस्से किसी के दिल की गहराई मे छिपे गम को खुराक देने लगते है आपकी निराशा दूसरे शख्स की निराश बढा देती है जब हम किसी को खुशी नही दे सकते है तो फिर गम की फसल के लिए खाद बांटना भी ठीक नही है। भगवान बुद्ध ने दुख को सबसे बडा यथार्थ कहा है और यह सच भी है दुख की कोई भाषा नही होती है लेकिन इसमे सम्प्रेषणशीलता गजब की होती है अपने जैसे लोगो को ये झट से तलाश लेता है और फिर उम्मीदों का बेरहम कारोबार भी करने लगता है इसलिए कोशिस कीजिए कि खुश और सकारात्मक ऊर्जा वाले लोगों से संवाद स्थापित हो जिनके पास हौसला हो और न केवल हौसला हो बल्कि उसको जीने का सलीका भी हो। दिन भर अपनी असफलताओं से ऊपजे एकालापी ज्ञान और बोरडम और निराशा के पर्चे बांटने वालो से बच कर रहना ही मानसिक स्वास्थ्य के लिए ठीक जान पडता है। जिन्दगी सितम ढाती है और आगे भी ढाती रहेगी लेकिन अपनी उदासियों,नाकामियों की किस्सागोई से दूसरों को असहज़ करने का व्यापार मैने भी खुब किया है और शायद आगे भी करता रहूंगा क्योंकि मै तो कह कर मुक्त होने जुगत मे लग जाता हूँ लेकिन फिर भी मेरी ईमानदार सलाह यही है कि बचो ! ऐसे लोगो से जो शब्दों की तथाकथित जादूगरी से अपना दर्द को भी दवा बना कर बेच रहें है।
ऊर्जावान,सकारात्कम,मोटिवेटेड और जिन्दगी में हौसलों की इबारत लिखने वालों की सोहबत न आपको केवल जीने का हौसला देती है बल्कि आप खुद पर भरोसा करना भी सीख जाते है। उदासियों,नाकामियों के किस्से सुनने के लिए ये जिन्दगी भी कम पड जाती है इसलिए दोस्तो ! जी भर जियो ! ताकि कल कुछ न मलाल न रहें।

दुविधा

जिस विश्वविद्यालय में मैं पिछले छह सालों से बतौर एडहोक़ मास्टर पढ़ा रहा हूँ वहां इन दिनों एडमिशन चल रहे होते हैं साइंस फैकल्टी में एडमिशन की ज्यादा मारामारी रहती है इसलिए मेरे गाँव और रिश्तेदारी निकाल कर आए लोगो के लिए मै बड़ा सहारा नजर आता हूँ वो चाहते हैं कि मै कुलपति की माफिक उनकी मदद करु भले ही उनका बच्चा मेरिट में भी ना आया हो लेकिन एडमिशन करवा दूं मै उनकी दिल से मदद करना भी चाहता हूँ लेकिन उनको यह समझाना बेहद मुश्किल काम है कि अलबत्ता तो मेरे जैसे कृपापात्री अस्थाई मास्टर की विश्वविद्यालय में कोई निजि हैसियत नही होती है फिर मामला साइंस फैकल्टी से जुड़ा होता है वहां के तो बाबू भी इतने रूखे किस्म के होते है कि पूछिए मत जब आप अपने परिचित का फोर्म हाथ में लेकर उनके कान में बुदबुदाते हैं कि मै फलाँ विभाग में एड्होक हूँ तो वो ऐसी हिकारत से देखते है कि साथ खड़े परिचित के सामने ही इज्जत का फालूदा बन जाता है बड़ी असहज स्थिति होती हैं साहब उसके बाद जो सिफारिश के लिए हमें तलाश कर आया होता है उसके असहज होने का नम्बर आता है वो खिसिया कर अजीब अजीब बातें बोलता हैं फिर उसकी गलतफहमी दूर होती हैं कि सहाब प्रोफेसर नही है एक टम्प्रेरी मास्टर हैं जो अपना टाईम पास कर रहा है बेचारा जबकि गाँव में घरवाले बड़े फख्र से बताते है कि हमारा लडका यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर है। इस परीक्षा काल में विवि के कुछेक चपराशि जरुर काम आते हैं जो अपने संपर्को का प्रयोग एडमिशन में मदद के लिए करते हैं उनका भाईचारा हमेशा काम आता है।

एकांतवास

कल पत्रकार मित्र का एसएमएस मिला "जिन्दगी का मैने बस ये हिसाब देखा कि चलती नही कभी मेरे हिसाब से..." मुझे लगा कि पवन भाई ने क्या मौजूँ शे'र भेजा है...अभी 3 जुलाई को मै यहाँ घोषणा करके गया था कि मित्र धीरेश सैनी से उधार मांग कर लाई किताबों का स्वाध्याय करुंगा और खुद भी यह सोचा था कि 10 दिन एकांतवास मे रहूंगा ना फोन ना इंटरनेट केवल अल्पाहार और अध्ययन करुंगा और लगभग दो दिन वो क्रम चला बेहद व्यवस्थित ढंग से....लेकिन अपने संकल्प इतनी आसानी से थोडे ही पूर्ण हो पाते है कोई न कोई बाधा तो आनी अवश्यंभावी थी इस बार भी आई और ऐसी आई कि पिछले 6 दिनो से प्राणहंता पीडा से गुजर रहा हूँ आज थोडा आराम मिला है पहले पेट मे इंफेक्शन हुआ फिर वो इंफेक्शन एनल इंफेक्सन मे बदल गया उसके बाद क्या क्या नही हुआ आप खुद समझ सकते है कि क्या स्थिति रही होगी..न शौच से पूर्व आराम और न निवृत्ति के बाद हालात इतनी तेजी से बिगडी कि देखते ही देखते ऐसी स्थिति मे आ गया कि केवल लेट सकता था न बैठ सकता था और न चल सकता था (दोनो ही स्थिति मे असहनीय पीडा) साथ मे पिछले तीन दिन से बुखार.....इस व्याधि के जांचने के डाक्टरी परीक्षण बडे अमानवीय किस्म के सो उसके बारे मे सोचकर भयाक्रांत होता रहा बडे भाई एम.एस.(सर्जन) है उनसे सारी स्थिति बताई उनके हिसाब से गंभीर दिक्कत होने की सम्भावना थी यहाँ तक कि शायद आपरेशन करवाना पडे....चिट्ठी की भाषा मे कहूँ कि थोडे लिखे को ज्यादा समझना वाली बात रही है मतबल बहुत दिक्कत मे रहा।
भला हो महात्मा हैनीमेन का जो उन्होने होम्योपैथी जैसी चिकित्साविधि विकसित की अपने एक मित्र होम्योपैथ की शरण मे गया था परसो उनको सारी हालत बताई उन्होने मीठी गोली थी कल रात तक उनकी औषधी से कोई आराम नही था लेकिन आज सुबह दस बजे ऐसा लगा कि दवा काम कर रही है और मुझे राहत महसूस हुई हालांकि पूरी तरह से आराम नही है लेकिन ऐसा लग रहा है कि रिकवर हो रहा हूँ।
अभी एक सप्ताह का बैड रेस्ट बताया है डॉ ने और साथ मे उबला हुआ भोजना खाना है जीवन एक मुश्किल दौर से गुजरते हुए प्रार्थना के पलो को जीता हुआ आरोग्य की तरफ आशा भरी निगाह से देख रहा हूँ ताकि मै जल्दी स्वस्थ होकर अपनी बेवजह की मगज़मारी के जरिये आप सभी से जुडा रहूँ।
(जिन मित्रों के पास मोबाईल नम्बर है वो हाल जानने के लिए चिंतातुर होकर फोन करने से बचे क्योंकि मै फिलहाल इस व्याधि से लडता हुआ ऐसी स्थिति मे नही हूँ कि फोन पर आपसे बात कर सकूँ या मिल सकूँ उम्मीद करता हूम कि मेरे इस आग्रह को एक बीमार मित्र की प्रार्थना समझा जाएगा न कि हमेशा की तरह अहंकार)

राजनीति

कांग्रेस की लचर सरकार से उपजी राजनीतिक नेतृत्व की हताशा से परेशान अपने देश का आम आदमी कभी बाबा रामदेव तो कभी अन्ना,कभी केजरीवाल की तरफ एक आशा भरी निगाह से देखता है समर्थन देता है फिर अंत में उसी शून्य का हिस्सा बन जाता है जिसका अभी कोई विकल्प नजर नही आता है। आम आदमी का मखौल उडाने या उसकी बेचारगी पर तबसरा करने की न तो मेरी निजि हैसियत है और न ही ऐसी कोई इच्छा....इसी क्रम में अब विकास पुरुष मोदी को इसे देश की समस्त समस्याओं का एक चुटकी भर में खत्म करने वाले चमत्कारिक युग पुरुष के रुप में एक बडी भीड देख रही है जिसकी बानगी फेसबुक पर भी देखने को मिलती रहती है हालांकि मुझे न सियासत की समझ है और न मेरे तरकश मे तर्को के बाण है लेकिन फिर भी जनता को जैसे भाजपा के रामजन्म भूमि मुद्दे से मुकरने,बाबा रामदेव के भाजपाकरण और अन्ना केजरीवाल के मतभेद से बिखरे एक व्यापक जनान्दोलन से निराशा हुई थी ठीक ऐसे ही यदि बहुत अतिश्योक्तिवादी होकर यह सोच भी लिया जाए कि मोदी पीएम बन जाएंगे तो फिर से उसी निराशा के दौर से गुजरना पडेगा ऐसी मेरी मोटी अक्ल कहती है कोई जरुरी नही है कि मेरी बात सही साबित हो लेकिन मेरे देश की भोली जनता जब तक तक खुद चोट नही खा लेती है वो किसी की तकरीरे कहाँ सुनती है इसलिए मेरी दिली इच्छा है कि एक बार मोदी जरुर पीएम बनें ताकि लोग इस मृगमरीचिका से खुद ही निकल सके फिलहाल तो वक्त ऐसा चल रहा है कि आपने मोदी से असहमति जाहिर की और मोदी के चेलों ने आपके पिछवाडे पर राष्ट्रद्रोही होनी मोहर जडी...।